यूँ तो हमरी आदत है, सुबह के साढ़े चार या पौने पाँच बजे उठ जाने का। बचपन से बाबा ने ऐसी आदत लगाई कि आज तक, हम उस आदत के मारे हुए हैं। हमरा जल्दी उठना कई बार, लोगों को हमको कुछ न कुछ सुनाने का ज़बरदस्त मौका दे ही देता है, 'न खुद सोती है न हमें सोने देती है', ई उलाहना हम सैकड़ों बार सुन चुके हैं। यही आदत अब हम विरासत स्वरुप अपनी बेटी को भी दे ही दिए हैं। अब हम अकेले काहे सुने ई उलाहना-फुलाहना, हमारे बाद भी तो कोई सुने :)
ख़ैर, उस दिन उठ कर बाहर झाँका तो देखा, मौसम बहुत बहुत ख़राब था । बल्कि ख़राब कहना भी, मौसम की तारीफ़ करना था। स्नो स्ट्रोम यानि बर्फीली आँधी चल रही थी, हवा की रफ़्तार भी बहुत ही तेज़ थी । उसके एक दिन पहले ही, मौसम बहुत सुहाना था। लेकिन मौसम से ज्यादा बेवफ़ा कोई और हो ही नहीं सकता। कभी-कभी तो लगता है, ये मौसम भी कोई इंसानी फितरत का जीता-जागता नमूना है,
कभी एक चेहरा लगा, खुश करता है दुनिया को
कभी एक चेहरा लगा, खुश करता है खुद को
मौसम भी कोई बड़ा चित्रकार है
मौसम भी कोई बड़ा चित्रकार है
हर पल नई तस्वीर में ढाल लेता है खुद को।
मौसम का क्या भरोसा, ये भी इन्सानी ज़ुबान की तरह कभी भी बदल जाता है।
ख़ैर जी ! हाँ तो हम क्या कह रहे थे, हाँ तो हम कुछ कह रहे थे न ! हाँ याद आया, हाँ तो हम कह रहे थे, मौसम ऐसा बेईमान था कि अगले कुछ घंटों तक उससे किसी भी तरह की कोई भी ईमानदारी की गुंजाईश हमको तो कम से कम नहीं ही थी। खिड़की के बाहर देखते ही मन एकदम से अलसा गया। आँधी-तूफ़ान देख के हम वापिस बिस्तर पर आ गए, कम्बल खींच कर फिर से बिस्तर में दुबक गए। हमने गौर किया है, अगर आप एक बार उठ कर फिर सो जाएँ तो जम कर नींद आती है, हमारे कौनो सुर्खाब के पर थोड़े ही लगे हैं, हमरे साथ भी वही हुआ। फिर से नींद आ गयी, वो भी जम कर।
मेरी बेटी पौने छ: बजे निकल जाती है, यूनिवर्सिटी के लिए। दूसरा कोई भी दिन होता है , तो हम बिटिया से पहले ही उठते हैं, उसके लिए नास्ता बनाते हैं, वो तैयार होकर नीचे आती है, नास्ता करती है, हम उसको दरवाज़े तक छोड़ते हैं, थोड़ी देर लव यू लव यू होता। उसे हर तरह की ताक़ीद देते, आने का वक्त पूछते। मतलब ये कि हम दोनों माँ-बेटी के लिए हर सुबह दरवाज़े पर बिताये गए कुछ पल, बहुत-बहुत सुखद होते हैं। हर दिन दरवाज़े पर खड़े होकर उसे जाते हुए देखना, मेरी आदत हो गयी है।
लेकिन उस दिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। मेरी बिटिया ने भी शायद, मुझे उस सुबह निर्दन्द सोते देखा, या फिर सोते हुए मेरी शक्ल ऐसी रही हो कि उसे उठाने का दिल ही नहीं किया, तो उसने नहीं उठाया। उसने खुद ही नास्ता बनाया, खुद ही खाया (जैसे बाकि दिन हम खाते थे :)) और अकेली ही तैयार हो गयी। हमको याद है जाने से पहले वो आई थी, हमारे पास और कहा था, "मम्मी हम जा रहे हैं ", थोड़ी सी मेरी नींद खुली थी,मन कुछ दोषी महसूस कर गया था। लेकिन उसने कहा 'आप आराम से सो जाओ, हम नास्ता कर लिए हैं ।' आलस ऐसा छाया हुआ था, हम भी कम्बल में घुसे-घुसे ही कह दिए। ठीक है बेटा अच्छे से जाना। बेटी ने हमको जादू की झप्पी दी और वो चली गयी। वो गई और इधर हम फिर नींद के हवाले हो गए।
शायद आधा घंटा बीता होगा, डोर बेल की आवाज़ सुनाई पड़ी, हम हड़बड़ाये उठे, लगा शायद बिटिया कुछ भूल गयी होगी, वही लेने आई होगी। दौड़ते हुए हम नीचे पहुंचे, तो देखा सामने का दरवाज़ा पूरा का पूरा खुला हुआ था, बर्फीली हवा अन्दर तक आ रही थी। घर भी काफी ठंडा लग रहा था। और दरवाज़े के सामने एक आकृति खड़ी थी। मौसम ऐसा था कि वो सिर्फ आकृति ही लग रही थी। पल भर को मेरा दिमाग ख़राब हो गया, कौन है ये और इसने मेरे घर का दरवाज़ा कैसे खोल दिया है ?? दरवाज़े पर पहुँच कर देखा तो सामने एक महिला खड़ी थी। सर्दी इतनी थी कि दरवाज़े पर खड़ा होना कठिन काम था। मन में आ ही गया कैसे-कैसे लोग हैं। सवा छ: या साढ़े छ: बजे होंगे। इतनी सुबह-सुबह कुछ बेचने तो नहीं आ गयी ये, हिम्मत है बाबा इनलोगों की भी ?? हम हैरान भी थे और अन्दर-अन्दर नाराज़ भी। वो भी हमको देख कर समझ गई थी, हम सीधा बिस्तर से छलाँग मार कर ही आ रहे हैं। बाहर बरफ का बवंडर था और इतनी देर में ही मेरे मन में सवालों का बवंडर उठ गया था। इतनी सुबह-सुबह कौन है ये, सबसे बड़ी बात, इसने मेरे घर का दरवाज़ा कैसे खोल लिया ??? इत्यादि, इत्यादि।
हम जैसे ही दरवाज़े पर पहुँचे, उसका पहला सवाल था ' इज एवरी थिंग ओ के ?? मैंने कहा 'येस, एवरी थिंग इज फ़ाईन। उसके बाद जो उसने बताया वो कुछ इस तरह था। वो और उसके पति हमारे घर के आस-पास ही कहीं रहते हैं। सुबह-सुबह वो दोनों ऑफिस जाने को निकले थे। हमारे घर का दरवाज़ा, इतने खराब मौसम में पूरा खुला देख कर उन्हें कुछ आशंका हुई। उन्होंने हमारे घर के सामने गाडी रोक दी, तकरीबन बीस मिनट तक वो घर के सामने ही रुके रहे। किसी भी तरह की कोई हरक़त उन्हें नज़र नहीं आई, तब उन्हें लगा कहीं कुछ गड़बड़ तो नहीं !!! इसी ख़याल से उस महिला ने घंटी बजा कर, अच्छी तरह जान लेना चाहा, कहीं कोई दुर्घटना तो नहीं हो गयी हमारे घर में ! क्योंकि ऐसे मौसम में घर बिलकुल खुला होना, अटपटी बात थी। मैंने खुद को जी भर के धिक्कारा, कैसा उल्टा-पुल्टा सोच लिया था मैंने। मैं उस महिला का न जाने कितनी बार धन्यवाद करती रही, और वो बार-बार कहती रही सॉरी मैंने आपको सोते हुए से जगा दिया। वो बार-बार मुझसे पूछती रही, सब ठीक है न, कुछ ज़रुरत तो नहीं है। वो पूरी तरह तसल्ली कर लेना चाहती थी। पूरी तरह आश्वस्त होने के बाद ही वो और उसका पति दोनों ऑफिस गए। समय उनका भी कीमती था। ये सब करने की उनको कोई आवश्यकता भी नहीं थी। उनकी बला से उस तूफानी मौसम में कोई हमारे घर ही घुस जाता तो उनका क्या जाता भला ! हम जहाँ रहते हैं, वहाँ लोगों में संवेदनशीलता कूट-कूट कर भरी हुई है। हर इंसान हर वक्त मदद को तैयार रहता है। ये घटना बस अभी महीने भर पहले की है। बाद में पता चला कि मेरी बिटिया ने दरवाज़ा तो बंद किया था, लेकिन ताला लगाने का ज्यादा चलन भी नहीं है हमारे यहाँ, हवा इतनी तेज़ थी कि दरवाज़ा खुल ही गया। सोचती हूँ, दुनिया में अच्छाई तो है ही, लेकिन हर जगह दिखाई क्यों नहीं देती ये ?
और भी ऐसी ही छोटी-मोटी घटनाएँ हैं, सुनाती रहूँगी।






