Wednesday, October 16, 2013

नैतिकता का लिटमस टेस्ट ?

एक लड़का एक पत्नी की तलाश में,
अपनी पैनी नज़र हर लड़की पर गड़ाता है 
वह एक पवित्र, शुद्ध, और अनछुई लड़की की खोज में लग जाता है,
हर लड़की की नैतिकता का आकलन, उसके शरीर से बार-बार किया जाता है  
जबकि वह स्वयं अपने शरीर का, सदुपयोग-दुरूपयोग हज़ारों बार कर चुका होता है , 
इतना ही नहीं, वह अपनी फूहड़ कारस्तानी और अनैतिकता की गल्प-कथा, 
छाती ठोंक कर दोस्तों को गर्व से सुनाते नहीं अघाता है 
जहाँ आग न धूवाँ हो वहाँ भी अफ़साने गढ़ जाता है 
और उसके संगी-साथी उसकी किस्मत से रश्क खाते रह जाते हैं 
कितना लक्की है ये सोच कर मन ही मन कुलबुलाते हैं
क्या रिश्ता हो सकता है भला 
शरीर की तथाकथित 'शुद्धता' और नैतिकता के बीच में ?
अगर ऐसा ही है तो, विवाह उपरान्त 
हर स्त्री का नैतिक पतन रसातल में होना चाहिए 
परन्तु ऐसा मान्य नहीं है
जब पति द्वारा पत्नी की पवित्रता नष्ट होती है 
तो क्या वो एक पुरुष के अहंकार की संतुष्टि होती है 
या सचमुच एक 'व्यक्ति' की नैतिकता का लिटमस टेस्ट होता है ?
क्यों 'शरीर की शुद्धता', हमेशा मन की पवित्रता पर भारी पड़ जाती है ?
और क्यों इस 'शुद्धता' की छुरी के नीचे सिर्फ नारी ही आती है ?

Friday, October 11, 2013

उफ़क से ये ज़मीं क्यूँ, रूबरू नज़र आए.....


तेरा जमाल मुझे क्यूँ, हर सू नज़र आए
इन बंद आँखों में भी, बस तू नज़र आए

सजदा करूँ मैं तेरी, कलम को बार-बार
हर हर्फ़ से लिपटी मेरी, आरज़ू नज़र आए

गुज़र रही हूँ देखो, इक ऐसी कैफ़ियत से
ख़ामोशियों का मौसम, गुफ़्तगू नज़र आए

फासलों में क़ैद हो गए, ये दो बदन हमारे 
पर उफ़क से ये ज़मीं क्यूँ, रूबरू नज़र आए

वो संदल सा गमके 'अदा' और कुंदन सा दमके 
उसकी बेक़रार सी आँखें, क्यूँ पुर-सुकूँ नज़र आये 

उफ़क= क्षितिज
जमाल=खूबसूरती
कैफ़ियत= मानसिक दशा
गुफ़्तगू=बातचीत
रूबरू=आमने-सामने

Tuesday, October 8, 2013

या देवी सर्वभूतेषु शक्ति रूपेण संस्थिता, नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः.

आज कल रांची के बाज़ारों में भीड़ ठसा-ठस है, तिल धरने की भी जगह नहीं मिलती है, लेकिन त्रासदी ये हैं कि दुकानदार खाली बैठे, झख मार रहे हैं । जगह-जगह पंडाल बन रहे हैं, कहीं दीयों से तो कहीं मोतियों से । शारदीय नवरात्र में नव दुर्गा की विशालकाय प्रतिमाएँ अपने सह-देवताओं के साथ, बड़े-बड़े पंडालों में स्थापित हो गईं हैं । पंडालों में प्रवेश पाने के लिए तोरण-द्वार भी जगह-जगह बन गए हैं ।बेशक गेटों को गेटप देने के चक्कर में सडकों को बेरहमी से खोद कर रख दिया गया है। जो शायद अगले कई वर्षों तक बने ही नहीं, लेकिन उससे क्या फर्क पड़ता है, सडकें सही तरीके से कब बनतीं हैं भला ! और फिर आम नागरिक को अच्छी सड़कों पर चलने की आदत भी तो नहीं हैं । 

सड़क पर निकलते ही भीड़ का रेला, दूर से दुर्गा पूजा की गहमा-गहमी जैसा ही लगता है, लेकिन आर्थिक मंदी की मार-फटकार अधिकतर चेहरों पर नज़र आती है। मध्यमवर्गीय, और निम्नवर्गीय तबका, थका-हारा, परेशान-हाल ही नज़र आता है। और फिर त्यौहारों की भरमार भी तो इतनी है कि त्यौहार मना-मना कर लोग हलकान दिखते हैं। दुकानों में भी वो रौनक नहीं है, जो कभी हुआ करती थी। तो कुल मिला कर बात ये हुई कि दुकानें बदहाल हैं और दुकानदार से लेकर खरीददार तक, सब बेज़ार नज़र आते हैं। 

पाँच हज़ार महीना वेतन पाने वाला विनोद, आज अपनी व्यथा कथा सुना रहा था।  कह रहा था, दीदी इस तीज में मेरे ४००० रुपये खर्च हो गए, नई साड़ी, मेहँदी, सारे साज-सिंगार और छप्पन-भोग बनना ही था।  जिउतिया में ३००० खर्च हो गए, १५० रुपैये सतपुतिया और ग्यारह तरह की सब्जियाँ, उपवास करने वाली अगर न पकाए-खाए तो कैसी जिउतिया भला ? अब दशहरा भी आ गया, फिर दीवाली, भाई-दूज और फिर छठ।   कैसे मनायेंगे हम इतने त्यौहार। उसकी इन बातों ने मुझे भी कुछ सोचने और लिखने पर मजबूर कर दिया। देख रही हूँ आजकल, कर्म-काण्डों में जमकर बढ़ोतरी हुई है, और उतना ही चारित्रिक पतन भी हुआ है। हमारे झारखण्ड में जो जितना बड़ा गुंडा होता है, वो उतना ही बड़ा यज्ञ करवाता है। दुर्गा पूजा के नाम पर घर-घर जाकर या गाड़ियां रोक-रोक कर चन्दा लेना आम नज़ारा है झारखण्ड में। मना करने पर मिनटों में चन्दा मांगने वालों को गुण्डई पर उतरते भी देखा है। माँ दुर्गा के पंडाल में प्रतिमा की नाक के नीचे बैठ कर जम कर दारु और मुर्गा भक्षण हर रात करते हैं ये तथाकथित भक्तगण, जो घोषित गुंडे हैं.. सच पूछा जाए तो अधिकतर त्यौहार कुछ असामाजिक तत्वों के लिए अनैतिक कमाई करने के सुअवसर प्रदान करते हैं, ख़ास करके झारखण्ड और बिहार में।दुर्गा पूजा के दस दिन पंडितों के लिए भी बहुत मायने रखते हैं। हर यजमान से मनमानी रक़म वसूलना, धर्म का भय दिखा कर ज्यादा से ज्यादा कर्म-काण्ड करवाना, और अंधाधुन्द पैसे वसूलना, ये आज के पंडितों की फितरत हो गई है । सचमुच हैरानी होती है देख कर, ये कैसी पूजा-अर्चना है? और क्या सचमुच यह पूजा, देवी को स्वीकार्य होती होगी  ??

दूसरी ओर बाज़ारवाद की हवा तेज़ हुई है, हर त्यौहार के लिए रोज़-रोज़, नए-नए परिधानों और विधि-विधानों का आविष्कार होता जा रहा है। नए-नए झाड-फ़ानूसों से बाज़ार लद्ते जा रहे हैं, जिसे न चाहते हुए भी, एक आम हिन्दू जो स्वाभाव से ही धर्मभीरु होता है, अपनाता जाता है। वो मीडिया और बाज़ार की मिलीभगत से रचे गए इस चक्रव्यूह में फंसता जाता है, और रोते-पीटते अपनी अंटी ढीली करता जाता है। पहले त्योहारों के आने से कितनी ख़ुशी होती थी, लेकिन अब ये त्यौहार एक ओर लोगों के लिए महज दिखावा दिखाने के अवसर बन कर रह गए हैं, दूसरी ओर बाजारों के लिए बिजिनेस ओपोर्चुनिटी और तीसरी ओर असामाजिक तत्वों के लिए रंगदारी उठाने का सुनहरा अवसर। आम आदमी की ज़िन्दगी से खुशियाँ नेस्तनाबूत होती जा रही है और जो उसके पास बाकी बच रहीं हैं, वो हैं चिंता, परेशानी और कई बार, कुछ लोगों के लिए 'क़र्ज़' का बोझ । 

त्यौहार, आते रहने चाहिए, मनते भी रहने चाहिए, लेकिन इन्हें ढोंग, गुंडई से परे और आम इंसान की ज़ेब की ज़द से बाहर नहीं होना चाहिए।  

Thursday, October 3, 2013

कोई-कोई ही यहाँ, माहिर संगतराश है....



आदमियत खो गई, आदमी हताश है  
हुज़ूम-ए-आदमी में अब, आदमी की तलाश है 

दोज़-ज़िन्दगी हो गई, साग़र की गोद में  
पर ख़ुश्क-खुश्क़ गला रहा, और हर तरफ प्यास है  

वो चीज़ हमारी भी है, और चीज़ हमारी नहीं  
उस ख़ुदा ने रच दिया, इक ग़ज़ब कयास है  

हबीब रह रहे यहाँ, अजनबी लिहाफ़ में 
कुछ जिस्म अजनबी से हैं, बे-तक़ल्लुफ़ लिबास है   

सम्हल-सम्हल के चल रहे, इश्क़ के मक़ाम तक

कई जगह फ़रेब का, दिख रहा निवास है  


वो सर-बसर हो गया, मेरी क़ायनात पर 
मेरी ही जान जाने क्यों, थोड़ी सी उदास है 

है फ़रेब इक फ़न 'अदा',और सारे फ़नकार नहीं 
कोई-कोई ही यहाँ, माहिर संगतराश है

Saturday, September 28, 2013

जिउतिया और मेरे बच्चे :)

इनदिनों भारत में हूँ और बच्चे या तो अमेरिका में या कनाडा में।  

जिउतिया का त्यौहार है और मुझे मेरे बच्चे बहुत याद आ रहे हैं। 


जिउतिया का व्रत सिर्फ पुत्रों के लिए किया जाए, ऐसा मैं नहीं मानती। यह व्रत अपने बच्चों (पुत्रों-पुत्रियों) के दीर्घायु होने की कामना करती हुई हर माँ करती है, मेरा ऐसा मानना है।  


आज-कल बहुत कम ऐसा अवसर मिलता है जब हमारा पूरा परिवार साथ हो, १५ दिन पहले ऐसा ही एक सुअवसर कनाडा में प्राप्त हुआ, बस फिर क्या था तसवीरें खिंच गयीं :)

आप सभी को जिउतिया की असीम शुभकामनाएँ !!!







Wednesday, September 11, 2013

मेरी ज़ुल्फ़ अब, परेशाँ नहीं होती...



मेरी ज़ुल्फ़ अब, परेशाँ नहीं होती
ये निगाहें अब, निगेहबां नहीं होती

बे-परवाह गुज़र रहे, मेरे शाम-ओ-सहर 
हाले-दिल देख अब जाँ, हल्कां नहीं होती

गिरा कर क़हर, सोचता था मर जाऊँगी 
दिल बह गया मोम बन, जीस्त वीराँ नहीं होती  

खताओं की आदत है मुझे, तुम भी आदत कर लो 
मेरी नासिह भी अब, नादाँ नहीं होती

दर्द-ए-इलाज-ए-दिल, मैंने पा लिया है 
मुस्कुरातीं हैं खामोशियाँ, वो फुगाँ नहीं होती

जलतीं हैं बहारें 'अदा' और राख हुईं जातीं है 
रूह-ए-चमन में फिर भी, ख़िज़ाँ नहीं होती

फुगाँ = संकट में रोना
नासिह = सलाहकार, उपदेशक