Tuesday, April 30, 2013

एक कविता, एक ग़ज़ल, कुछ चित्र ....



रुख को कभी फूल कहा आँखों को कवँल कह देते हैं
जब जब भी दीदार किया हम यूँ ही ग़ज़ल कह देते हैं

वो परवाना लगता है कभी और कभी दीवाना सा
जल कर जब भी ख़ाक हुआ शमा की चुहल कह देते हैं

वो आके खड़े हो जाते हैं जब सादगी लिए उन आँखों में
वो पाक़ मुजस्सिम लगते हैं हम ताजमहल कह देते हैं

लगता तो था कि आज कहीं हम शायद नहीं उठ पायेंगे
सीने में वो जो दर्द उठा चलो उसको अजल कह देते हैं

क्या जाने कितने पत्थर सबने बरसाए हैं आज 'अदा'
मंदिर की जिन्हें पहचान नहीं वो रंग महल कह देते हैं

अजल=मौत


मेरे दोनों बेटे और बिटिया अच्छी चित्रकारी कर लेते है। ये मेरे मयंक की चित्रकारी ...कैसी है ?
यह पूरा sketch पेंसिल से बनाया है...बच्चों का आपलोगों को पता ही है फेंक दिया था मयंक ने इसको...मैंने इसे सहेज कर रखा ...बाद में उसने इसे scan करके कुछ रंग डाला है कहीं कहीं...ये मुझे बहुत पसंद है....आप बताइए कैसी है ..??


ये पेटिंग मयंक ने मृगांक की बनाई है...

और ये कुछ ऐसे ही ....



एक ग़ज़ल 'किसने कहा हुजूर के तेवर बदल गए'  
आवाज़ 'अदा', 
संगीत 'संतोष शैल' 
शायर जनाब रिफत सरोश 
कच्चा-पक्का है बुरा मत मानियेगा...

Monday, April 29, 2013

निर्मल बाबा के बाद प्रकट हुई राधे माँ .....





 

यह आलेख यहाँ  से लिया गया है।

नई दिल्ली : कृपा के कारोबारी निर्मल बाबा के बाद एक और देवी का भारत भूमि पर अवतरण हो चुका है, इनको देवी दुर्गा का अवतार कहकर प्रचारित किया जा रहा है| इनका नाम है राधे माँ, ये कथित देवी दुर्गा की अवतार कही जाती हैं| दुल्हन जैसे भारी मेकअप और महंगे साड़ी-गहनों में नज़र आने वाली राधे मां के बार में पता चला है की अपने आशीर्वाद के बदले भक्तों से बड़ी कीमत वसूल रही हैं| इनके भक्तों में बड़े फिल्म और टीवी कलाकार भी शामिल हैं। कौन हैं राधे मां राधे मां का जन्म पंजाब के होशियारपुर जिले के एक सिख परिवार में हुआ था। राधे की शादी सरदार मोहन सिंह से हुई है। शादी के कुछ दिन बाद ही राधे की मुलाकात पास के शिव मंदिर में महंत रामदीन दास से हुई, जिन्होंने राधे के अन्दर की धार्मिक भावना को पहचानकर उसे जागृत करने का बीड़ा उठाया और धीरे-धीरे रामदीन दास ने राधे को धर्म की ओर मोड़ दिया| अब राधे, राधे से माँ बन चुकी थी| स्थानीय लोग उन्हें सत्संग, जागरण, पूजा और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों के लिए बुलाने लगे। राधे मां के आशीर्वाद से लोगों के व्यक्तिगत, व्यापारिक और पारिवारिक समस्याओं का समाधान होने लगा। आज राधे मां का जलवा देश के अलावा विदेशों में फैला हुआ है। राधे माँ की टीम में टल्ली बाबा और छोटी माँ नाम की महिला भी जुड़ गयी| राधे के सभी काम यही टल्ली बाबा और छोटी माँ देखते हैं| होशियारपुर से मुंबई का लम्बा सफ़र राधे ने कैसे तय किया इस के बारे में कोई कुछ नहीं बताता| राधे माँ के सभी काम टल्ली और छोटी माँ के जिम्मे हैं| राधे कभी भी कुछ नहीं बोलती| 

आज राधे माँ मुंबई पहुच चुकी हैं वहां के एक बड़े कारोबारी संजीव गुप्ता भी इनके साथ जुड़े हुए हैं। कहा जाता है एक जागरण में गुप्ता की राधे मां की मुलाकात हुई थी। इस मुलाकात के बाद दोनों की निकटता बढती गयी| गुप्ता की कंपनी ग्लोबल मीडिया विज्ञापन इंडस्ट्री से जुडी है। सूत्र बताते है कि गुप्ता ने राधे मां को बताया की कैसे वो उनके साथ मिल कर रातों रात ख्याति पा सकती हैं फिर क्या था अचानक तेजी मुंबई में राधे माँ बढ़त बनाने लगी| बोरीवली पश्चिम में रेलवे स्टेशन से 10 मिनट की दूरी पर ‘राधे देवी माँ’ भवन है, इसी के ग्राउंड फ्लोर पर एक बड़ा सा हॉल है, जिसे ‘माता की चौकी’ कहा जाता है। राधे मां यहीं भक्तों को अपने दर्शन देती हैं। राधे माँ का जलवा स्टेज पर राधे मां दुल्हन की तरह फुल मेकप कर अवतरित होती हैं और झूमती नाचती रहती हैं। हाथ में त्रिशूल होता है माँ के साथ ही उनके श्रद्धालु भी झूमते नज़र आते हैं। इस सबके बीच जो अद्भुत नज़ारा होता है वो ये कि राधे मां जब किसी पर प्रसन्न होती हैं तब झूमते हुए उसकी गोद में कूद जाती हैं। कहा जाता है कि जिस भक्त की गोद में वो छलांग लगाती हैं उसके सभी कष्ट उसी समय से दूर हो जाते हैं। मुंबई आज राधे राधे कर रही है| यहाँ माँ के हाई वोल्टेज आयोजन होते हैं। इन आयोजनों में लाखों लोग शामिल होते हैं जिनमे आधे से अधिक युवा होती है। राधे माँ के भक्तों में दलेर मेंहदी, मनोज तिवारी, डॉली बिन्द्रा, हंसराज हंस, प्रहलाद कक्कड़, एमएस बिट्टा, अनूप जलोटा, शार्दुल सिंकदर, लखबीर सिंह लख्खा, अनुराधा पौडवाल, रूप कुमार राठौड़, नरेंद्र चंचल के साथ ही और भी कई शामिल हैं| इन के साथ और भी कई बड़े नाम हैं जो आज कल राधे-राधे की रट लगाये हुए हैं| आज भले ही सभी राधे माँ के गुणगान में लगे हों लेकिन बहुत से ऐसे सवाल हैं जिनका जवाब न देना राधे की शख्सियत को रहस्मय बनाती है| जैसे इतने बड़े आयोजन का पैसा कहाँ से आता है? बड़े-बड़े स्तर पर होने वाले लंगर का पैसा कौन देता है| पंजाब से मुंबई तक का सफ़र कैसे तय किया| राधे माँ अपने को देवी का अवतार मानती हैं या फिर उनका उपासक| उनके खर्चे कैसे पूरे होते हैं| हमें उम्मीद है कि राधे माँ या फिर उनके सहयोगी टल्ली बाबा हमारे सवालों का जल्द से जल्द जवाब देंगे|



Sunday, April 28, 2013

कोई आज बता ही देवे हमको ....कहाँ है हमरा घर ??????


लड़की !
यही तो नाम है हमरा....
पूरे १९ बरस तक माँ-पिता जी के साथ रहे...सबसे ज्यादा काम, सहायता, दुःख-सुख में भागी हमहीं रहे, कोई भी झंझट पहिले हमसे टकराता था, फिर हमरे माँ-बाउजी से...भाई लोग तो सब आराम फरमाते होते थे.....बाबू जी सुबह से चीत्कार करते रहते थे, उठ जाओ, उठ जाओ...कहाँ उठता था कोई....लेकिन हम बाबूजी के उठने से पहिले उठ जाते थे...आंगन बुहारना ..पानी भरना....माँ का पूजा का बर्तन मलना...मंदिर साफ़ करना....माँ-बाबूजी के नहाने का इन्तेजाम करना...नाश्ता बनाना ...सबको खिलाना.....पहलवान भाइयों के लिए सोयाबीन का दूध निकालना...कपड़ा धोना..पसारना..खाना बनाना ..खिलाना ...फिर कॉलेज जाना....
और कोई कुछ तो बोल जावे हमरे माँ-बाबूजी या भाई लोग को.आइसे भिड जाते कि लोग त्राहि-त्राहि करे लगते.....
हरदम बस एक ही ख्याल रहे मन में कि माँ-बाबूजी खुश रहें...उनकी एक हांक पर हम हाज़िर हो जाते ....हमरे भगवान् हैं दुनो ...

फिर हमरी शादी हुई....शादी में सब कुछ सबसे कम दाम का ही लिए ...हमरे बाबूजी टीचर थे न.....यही सोचते रहे इनका खर्चा कम से कम हो.....खैर ...शादी के बाद हम ससुराल गए ...सबकुछ बदल गया रातों रात, टेबुलकुर्सी, जूता-छाता, लोटा, ब्रश-पेस्ट, लोग-बाग, हम बहुत घबराए.....एकदम नया जगह...नया लोग....हम कुछ नहीं जानते थे ...भूख लगे तो खाना कैसे खाएं, बाथरूम कहाँ जाएँ.....किसी से कुछ भी बोलते नहीं बने.....
जब 'इ' आये तो इनसे भी कैसे कहें कि बाथरूम जाना है, इ अपना प्यार-मनुहार जताने लगे और हम रोने लगे, इ समझे हमको माँ-बाबूजी की याद आरही है...लगे समझाने.....बड़ी मुश्किल से हम बोले बाथरूम जाना है....उ रास्ता बता दिए हम गए तो लौटती बेर रास्ता गडबडा गए थे ...याद है हमको....
हाँ तो....हम बता रहे थे कि शादी हुई थी, बड़ी असमंजस में रहे हम .....ऐसे लगे जैसे हॉस्टल में आ गए हैं....सब प्यार दुलार कर रहा था लेकिन कुछ भी अपना नहीं लग रहा था.....

दू दिन बाद हमरा भाई आया ले जाने हमको घर......कूद के तैयार हो गए जाने के लिए...हमरी फुर्ती तो देखने लायक रही...मार जल्दी-जल्दी पैकिंग किये, बस ऐसे लग रहा था जैसे उम्र कैद से छुट्टी मिली हो.....झट से गाडी में बैठ गए, और बस भगवान् से कहने लगे जल्दी निकालो इहाँ से प्रभु.......घर पहुँचते ही धाड़ मार कर रोना शुरू कर दिए, माँ-बाबूजी भी रोने लगे ...एलान कर दिए कि हम अब नहीं जायेंगे .....यही रहेंगे .....का ज़रूरी है कि हम उहाँ रहें.....रोते-रोते जब माँ-बाबूजी को देखे तो ....उ लोग बहुत दूर दिखे, माँ-बाबूजी का चेहरा देखे ....तो परेसान हो गए ...बहुत अजीब लगा......ऐसा लगा उनका चेहरा कुछ बदल गया है, थोडा अजनबीपन आ गया है.....रसोईघर में गए तो सब बर्तन पराये लग रहे थे, सिलोट-लोढ़ा, बाल्टी....पूरे घर में जो हवा रही....उ भी परायी लगी ...अपने आप एक संकोच आने लगा, जोन घर में सबकुछ हमरा था ....अब एक तिनका उठाने में डरने लगे.... लगा इ हमारा घर है कि नही !..........ऐसा काहे ??? कैसे ??? हम आज तक नहीं समझे....
यह कैसी नियति ??......कोई आज बता ही देवे हमको ....कहाँ है हमरा घर ?????? 

रिमझिम गिरे सावन...आवाज़ 'अदा' की...








मेरी पसंद के नए गाने और एक विज्ञापन ....

आज जाने क्यों दिल किया मैं अपनी पसँद के कुछ ओरिजिनल नए गाने डालूँ और एक फ़नी विज्ञापन भी। मुझे ये सारे गाने और यह विज्ञापन बहुत पसंद है। आपलोगों ने ये सुना/ देखा है ही, लेकिन बस आज मेरा दिल कर गया :):)


जो ख़्वाबों ख्यालों में सोचा नहीं था ....

दिल दे दिया है, जाँ तुम्हें देंगे ....

सुन ज़रा सोणिये सुन ज़रा ....


Friday, April 26, 2013

है निग़ाह मेरी झुकी-झुकी, ये ग़ुरूर मेरा हिज़ाब है....




ये थका-थका सा जोश मेरा, ये ढला-ढला सा शबाब है
तेरे होश फिर भी उड़ गए, मेरा हुस्न क़ामयाब है

ये शहर, ये दश्त, ये ज़मीं तेरी, हवा सरीखी मैं बह चली 
तू ग़ुरेज न कर मुझे छूने की, मेरा मन महकता गुलाब है

ये कूचे, दरीचे, ये आशियाँ, सब खुले हुए तेरे सामने 
है निग़ाह मेरी झुकी-झुकी, ये ग़ुरूर मेरा हिज़ाब है

है बसा हुआ कोई शऊर है, मेरे ज़ह्न के किसी कोने में 
है चमक गौहर की कोई, या नज़र में मेरी आब है

क्यूँ पिघल रही मैं बर्फ़ सी, न चराग़-ओ-आफ़ताब है 
अब क्या कहूँ ये क्यूँ हुआ, ये सवाल ला-जवाब है  

वो हज़ार इश्क़-ए-चमन सही, मेरी हज़ार दीद-ए-शिकस्त सही 

मैं हर क़दम पे कुचल गई, तेरे सामने सारा हिसाब है !

ये दिल कभी तो धड़क गया, कभी बिखर गया गुलाब सा   
है ख़ुमार तारी क्यूँ 'अदा', क्या जगा हुआ कोई ख़्वाब है ?

न रोएगी नर्गिस कहीं, न आएगा कोई दीदावर
ये दिन भी अब वो दिन नहीं, और रात ज़ाहराब है

ज़ाहराब=ज़हरीला पानी

जब से तेरे नैना मेरे नैनों से लागे रे ....

चाणक्य....



तक्षशिला (जो अब पकिस्तान में है) प्राचीन विश्वविद्यालय होने के लिए जग प्रसिद्ध था, यहाँ दूर-दूर से विद्यार्थी शिक्षा लेने आया करते थे, इसी विश्वविद्यालय के महाज्ञानी और विद्वान् ब्राह्मण चाणक्य, व्यवहारिक राजनीति, दर्शन और हठवादी राजकौशल के सिद्धहस्त व्यवहारदर्शी थे, भारत के आरंभिक इतिहास में इनकी अपार प्रतिष्ठा थी, उन्हें 'विष्णुगुप्त' के नाम से भी जाना जाता था, जो उनके माता-पिता का उनको दिया हुआ नाम था...
उनको उनके छद्मनाम 'कौटिल्य' से भी जाना जाता है जो उन्होंने अपनी प्रसिद्द पुस्तक 'अर्थशास्त्र', जो संस्कृत में लिखी गई है, के लेखक के रूप में अपनाया था ...यह पुस्तक शासन और कूटनीति पर लिखा गया एक वृहत ग्रन्थ है...
उन्होंने अपना छद्मनाम अपने गोत्र 'कुटिल' से लिया था, जबकि उनके सबसे लोकप्रिय नाम 'चाणक्य' का उदगम हुआ था 'चणक' से, जो उनके गाँव का नाम था ...चाणक्य का जन्म चौथी शताब्दी ईसा पूर्व में 'चणक' नामक ग्राम में हुआ था...

वह शक्तिशाली नन्द वंश को सत्ताविहीन करने और चन्द्रगुप्त मौर्य को, जो सम्राट अशोक के पितामह थे भारत का प्रथम ऐतिहासिक सम्राट बनाने की अतुलनीय उपलब्धि के लिए सर्वाधिक जाने जाते हैं...

चन्द्रगुप्त, मगध के सम्राट बने और पाटलिपुत्र (आधुनिक बिहार की राजधानी पटना के समीप स्थित एक प्राचीन नगरी) को अपनी राजधानी बनाया तथा ईसा पूर्व ३२२ से २९८ तक राज किया ...उनके दरबार में यूनानी राजदूत 'मेगास्थनीज' ने अपनी पुस्तक 'इंडिका' में लिखा था, कि चन्द्रगुप्त के शासन काल में न्याय, शांति और समृद्धि का बोल-बाला था...

यूनानी दार्शनिक 'सुकरात' की तरह ही चाणक्य का चेहरा-मोहरा व्यक्तित्व प्रभावशाली नहीं था, लेकिन वो प्रकांड विद्वान् एवं चिन्तक थे ..सुकरात का मानना था कि 'विचारों का सौन्दर्य, शारीरिक सौन्दर्य से अधिक आकर्षक होता है'..चाणक्य एक कुशाग्र योजनाकार थे, 

दॄढ़प्रतिज्ञ चाणक्य के भीतर किसी भी प्रकार की कमजोर भावनाओं के लिए कोई स्थान नहीं था...योजनाओं को बनाने और उनका क्रियान्वयन करने में वो बहुत कठोर थे...

अंतिम नन्द राजा जो कि बहुत अलोकप्रिय था, उसने एक बार चाणक्य का भरी सभा में अपमान कर दिया था ...चाणक्य ने इस अपमान का बदला लेने का संकल्प ..अपनी शिखा खोल कर किया था ...

इसी नन्द राजा के अधीनस्थ उच्च सैन्य पद पर आसीन एक युवा परन्तु महत्वकांक्षी व्यक्ति 'चन्द्रगुप्त' ने तख्ता पलटने की कोशिश की परन्तु असफल होकर उसे भागना पड़ा ...विन्द्य के वनों में चन्द्रगुप्त भटकता रहा और वहीं वह चाणक्य से मिला...चाणक्य को उसने अपना गुरु, संरक्षक मान लिया...चाणक्य के सक्रिय सहयोग से चन्द्रगुप्त ने एक सशक्त सेना का गठन किया और अपने गुरु की सूझ-बुझ और पूर्ण योजनाओं के बल-बूते पर नन्द राजा को सिंहासनच्युत कर मगध का शासक बनने में सफल हुआ..बाद में चन्द्रगुप्त से चाणक्य को अपना सर्वोच्च सलाहकार अर्थात प्रधानमंत्री नियुक्त किया...

इस ज्ञानी और व्यवहारिक दार्शनिक ने धर्म, आचार संहिता, सामजिक व्यवहार शैली और राजनीति में कुछ विवेकपूर्ण विचार प्रकट किये हैं...उन्होंने इन्हें तथा और कई अन्य ग्रंथों से चुने गए सूत्रों को अपनी पुस्तक 'चाणक्य नीति दर्पण' में प्रस्तुत किया है उनके स्वतः सिद्ध सूत्र आज के चलन में भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने वो दो हज़ार साल पहले थे ..ज़रा आप भी जानिये...

विष से प्राप्त अमृत, दूषित स्थान से प्राप्त सोना, और मंगलकारी स्त्री को भार्या के रूप में स्वीकार करना चाहिए भले निम्न परिवार से हो और ऐसी पत्नी से प्राप्त ज्ञान को भी स्वीकार करना चाहिए', विचारों के अभिप्रायों को निकलने नहीं देना चाहिए उन्हें एक गुप्त मन्त्र की तरह प्रयुक्त करना चाहिए,

जो परिश्रम करता है उसके लिए कुछ भी हासिल करना असंभव नहीं है

शिक्षित व्यक्ति के लिए कोई भी देश अनजाना नहीं है

मृदुभाषी का कोई शत्रु नहीं होता 

झुंड में भी बछड़ा अपनी माँ को ढूंढ लेता है, उसी प्रकार काम करने वाला सदैव काम ढूंढ लेता है...

चाणक्य के बारे में जनमानस में लोगप्रिय धारणा और छवि उनके जीवन काल में ही एक असाधारण, विद्वान्, देशभक्त, संत, गुरु और कर्तव्यपरायण व्यक्ति की थी...प्रधानमन्त्री के उच्च आसन पर आसीन होते हुए भी वो संत का जीवन बिताते थे तथा जीवन के चरम मूल्यों के प्रतीक बन गए थे...