दिल्ली ने !
अतीत के
अनगिनत उत्सव देखे हैं,
चक्रवर्ती सम्राटों के राजतिलक देखे हैं,
शत्रुओं की पराजय देखी,
विजय का विलास देखा,
अपूर्व उल्लास देखा,
परन्तु...
ऐसी एक घड़ी आई
जब...
सूर्योदय और सूर्यास्त का
अंतर मिटते देखा,
बड़े-बड़े महोत्सवों
और महान पर्वों को
फीका पड़ते देखा,
उस रात...
मतवारे, दिल्ली की सड़कों पर झूम रहे थे,
कितने ही सपने,
लाखों रंग लिए
बूढी आँखों में घूम रहे थे,
दिल्ली की धमनियों में
स्वतंत्रता
यूँ अवतरित हुई थी,
जैसे...
धरती पर
स्वर्ग से गंगोत्री उतर आई हो,
स्वर्ग से गंगोत्री उतर आई हो,
आधी रात को तीन लाख ने
सुर मिलाया था,
'जन-गण-मन', 'वन्दे मातरम्'
का जयघोष लगाया था,
पहली बार...
'शस्य-श्यामला'
'बहुबल-धारिणी'
'रिपुदल-वारिणी'
शब्दों ने...
स्वयं ही पुकार कर
अपना सही अर्थ
इस दुनिया को बताया था,
ललित लय में
हिलते हुए वो अनगिनत सिर,
क्या सोच रहे थे
ये इतिहास में नहीं लिखा गया,
मगर वो तारीख़
दर्ज हो गयी आने वाली
अनगिनत शताब्दियों के लिए,
अनगिनत शताब्दियों के लिए,
जब...
आधी रात के सवेरे ने
१५ अगस्त १९४७ को,
आँख खुलते ही
सलामी दी थी
नवीन, अभूतपूर्व
तिरंगे को,
जयघोष के नाद से
जनसमूह की नाड़ियाँ,
युद्धगान से धमक उठीं,
माँ भारती ने अपनी बाहें फैला दी
अपने बच्चों के लिए,
क्योंकि अब !
कोई बंधन नहीं था...!
जय हिंद...!!
सभी चित्र गूगल से साभार...



