कल से ब्लॉग पर संस्कृति बचाओ आन्दोलन का तमाशा देख रही हूँ, हमेशा कि तरह निशाना 'नारी' है, कुछ लोग आधुनिकाओं पर थू-थू भी कर रहे हैं और कुछ ज़बरदस्ती के समाज के मुख्तार बने बैठे हैं, 'आधुनिका' की परिभाषा क्या है ?? क्या कम कपड़े पहनने वाली नारियों को 'आधुनिका ' कहना चाहिए या फिर विचारों से जो आधुनिक हो उसे आधुनिका कहते हैं, क्योंकि मैं ख़ुद को दूसरे नंबर का मानती हूँ और अधिकतर जिन्हें मैं जानती हूँ सभी इसी श्रेणी में आतीं हैं, पढना-लिखना, विवाह करना, घर और नौकरी करना अपने करिअर के प्रति सजग रहना, अपनी समझ से अपनी जिम्मेदारियों को सही तरीके से निभाना, और जो भी विरासत में संस्कृति, संस्कार मिले हैं उनसे अगली पीढ़ी को अवगत कराना...
ख़ैर, वो मेरी समझ थी , लेकिन आधुनिका का अर्थ कुछ और भी माना जा रहा है, मसलन अपने फिगर को बरकरार रखने के लिए गर्भपात करनेवाली, या बच्चे को दूध नहीं पिलानेवाली महिलाएं आधुनिका हैं , इन महिलाओं को आप 'आत्मकेंद्रित' कह सकते हैं लेकिन आधुनिका नहीं, यहाँ मैं कहना चाहूंगी , अगर मैं मानसिक रूप से बिना तैयार हुए कभी गर्भवती हो गई और मुझे ऐसा लगा कि यह गर्भ मेरी जिम्मेदारियों, और मेरे केरिअर के आड़े आ रहा है तो मुझे गर्भपात कराने में कोई हिचक नहीं होगी, क्योंकि शरीर से माँ बन जाना बड़ी बात नहीं है, मन से माँ बनना , और मातृत्व कि जिम्मेदारी सम्हालना ज्यादा जरूरी हैं, मन अगर इस बात के लिए तैयार नहीं है तो, शरीर स्वस्थ शिशु कैसे वहन करेगा..? और अगर मेरे इस कदम के लिए मुझ पर कोई थू-थू करता है तो करता रहे, मुझे कोई कोफ़्त नहीं होगी, जहाँ तक बच्चों को दूध पिलाने कि बात है, तो इससे कभी पीछे नहीं हटी हूँ और यह मानती हूँ कि पीछे हटना भी नहीं चाहिए....
और अब जब भी नारी पर ऐसे इल्जाम लगाये जाएँ तो, कृपा करके अपने घर में और अपने आस-पास दो सौ घरों को देख लीजिये फिर बात कीजिये....मैं अपने कुछ परिजनों की बात करती हूँ, मेरे जानने वालों के घर में भी भ्रूण हत्या हुई है, तो इसलिए नहीं कि फिगर ख़राब हो जाएगा, कारण रहा कि अपने सीमित साधनों में इससे ज्यादा बच्चे नहीं पाल सकते थे, वैसे भी इस तरह के फैसले सिर्फ़ स्त्री ही नहीं लेती, ये दम्पति का फैसला होता है...आम तौर पर यही देखा गया है कि कन्या भ्रूण की हत्या का फैसला पुरुष ही करता है...कारण...या तो वो ख़ुद को कापुरुष समझता है....या फिर दहेज़ के झंझट से बचना चाहता है...तो फिर घूम फिर कर बात ...पुरुष पर ही आती है....
सीधी सी बात यह है कि हम नारियाँ दिमाग से इतनी भी पैदल नहीं हैं, कि अपना भला-बुरा, बच्चों की भलाई, समाज के लिए अच्छी सोच, संस्कारों को अपनाए रखना और अपनी संस्कृति को बचाना नहीं जानतीं हैं, हम किस बात में पुरुषों से कम हैं, चरित्र, बुद्धि, विद्वता, कला, व्यावहारिकता, साहस, दया, क्षमा, करुणा, परिश्रम, सहनशक्ति, विवेक या इंटेलिजेंस, सिवाय शारीरिक शौष्ठव के हम किसी भी नज़र से आपसे कम नहीं है....इसलिए आप अपना भोंपूँ बजाना बंद कीजिये, क्योंकि वो भी हम आपसे बेहतर बजा सकतीं हैं...
यहाँ मैं कुछ दोहरी मानसिकता की बात भी करना चाहूंगी, जब कोई नारी नज़र आती है तो लोग देखने से बाज नहीं आते, जितनी मर्ज़ी अपनी नज़रों की क्षुधा शांत कर लेते हैं, उसके बाद उसी नारी पर सारा दोष मढ़ कर लौट आते हैं ....अंततोगत्वा दोष उसी नारी का होता है, कि उसने ख़ुद को क्यों सँवारा-सजाया, बेशक उस नारी ने यह काम ख़ुद के लिए ही क्यों न किया हो, अगर आप सचमुच ये सबकुछ नापसंद करना शुरू कर देवें, फिल्मों का बहिष्कार करें, जिनमें नग्नता सजा कर परोसी जाती है, विज्ञापनों का बहिष्कार करें, पोस्टर्स और पत्रिकाओं का बहिष्कार करें, जब कोई देखेगा ही नहीं तो फिर नारी भी ज़हमत ही नहीं करेगी, ऐसा कुछ भी करने की.... किसकी मज़ाल कि ऐसा कुछ भी कहीं नज़र आ जाये, देख लीजिये तालेबान ने कर दिखाया है, आप भी कर सकते हैं, और आप ही करेंगे तो होगा...क्यूंकि ये जो कुछ भी किया जाता है, वो सिर्फ़ और सिर्फ़ पुरुष बाज़ार के लिए ही होता है, महिलाओं के लिए नहीं...

नारी को पतन की ओर ले जाने में पुरुषों का ही हाथ ज्यादातर होता है , बहुत कम नारियाँ होंगी जो ख़ुद गिरना चाहेंगी, नारी शरीर आपको पसंद भी है, और नहीं पसंद भी है, कभी आपको वह ताज़ा सौन्दर्य लगता है ....आपको कोई बुराई नहीं लगती है, और अगले ही पल आप उसी को गलीज़ में तब्दील कर देते हैं, नारी के भूगोल पर कवितायें और आलेख लिखने की क्षमता भी पुरुषों में ही है , नारियाँ तो लिखती नहीं है अपनी तारीफ में कवितायें...जहाँ एक ओर नारियों के लिए न जाने कितने कसीदे पढ़े जाते हैं, वहीं दूसरी तरफ इनको हेय दृष्टि से देखना ....शायद इसे ही दोगलापन कहा जाता है .....
दूर क्यूँ जाना है, ब्लॉग जगत में ही एक खूबसूरत महिला कोई बहुत ही आम सी पोस्ट लिख कर जितनी टिप्पणी बटोर सकती है, क्या एक कम खूबसूरत परन्तु मेधावी महिला या एक बहुत ही मेधावी पुरुष कर सकता है, हरगिज नहीं यह पक्षपात स्पष्ट रूप से दृष्टिगत है...कुछ अत्यंत सार्थक पोस्ट्स जो पुरुषों के हैं, गुमनामी के गर्द के नीचे दब कर ख़त्म हो जाते हैं....टिप्पणी तो दूर की बात है , कोई झाँकने भी नहीं जाता... कई उदाहरण दे सकती हूँ...
जिन अत्यधिक आधुनिक आत्मकेंद्रित महिलाओं की बात कही गई है, हम और आप कितनी ऐसी महिलाओं को जानते हैं भला ...
समाज की कितनी प्रतिशत महिलाएं हैं वो, और यकीन मानिए ऐसी महिलाएं हमेशा से रही हैं, ये कोई आज की बात नहीं है, हाँ आबादी के अनुपात से उनमें कमी-बेसी होती रही है, लेकिन अधिकाँश नारियाँ, एक सहज, सरल और सुसंस्कृत ज़िन्दगी जीती हैं, मैं इस तरह के विरोध करने वालों से ही पूछती हूँ कि अपने ही घर को ही सोच कर देखें क्या ऐसी महिलाएं हैं, और अगर हैं तो उनकी संख्या क्या उन सुसंस्कृत महिलाओं से अधिक है ?? कुछ गिनी चुनी महिलाओं के लिए हर वक्त का ठोना अब हम नहीं सुनना चाहते हैं.....
कभी यह भी कहने कि कोशिश कीजिये कि महिलायें अच्छा काम भी कर रही हैं.....आज महिलाएं डाक्टर, इंजिनियर, वैज्ञानिक, अस्ट्रोनात सभी कुछ बन रही हैं, उनका कोई ज़िक्र नहीं होता, ये सब कुछ होकर भी घर-परिवार, तीज-त्यौहार, संस्कार मनाती हैं, सिर्फ़ संस्कृति की पूंगी बजाने से ही दुनिया चलेगी क्या, या फिर महिलाओं के त्याग, कोमल भावनाओं की इतनी आदत हो गई है कि पता ही नहीं चलता कितना कुछ अच्छा हो रहा है आस-पास... !!!!
अब कृपा करके संस्कृति का ढकोसला बंद किया जाए...संस्कृति के नाम सुन-सुनकर अब उबकाई आने लगी है, अगर आपको हम इतने ही नाकाबिल लगते हैं, तो ले लीजिये न सारी जिम्मेदारी संस्कृति को बचाने की, और जीने दीजिये नारी को अपने तरीके से, नारी को भी अब अपने लिए कुछ समय चाहिए नारी भी इतनी उलूल-जूलूल सुन कर थक गई है,
अगर संस्कृति का बोझ आप लोग इतना दुरूह बना देंगे, तो हमें आप माफ़ कीजिये, हम नहीं उठा सकते ये बोझ, और सच पूछिए तो ब्लॉग जगत में आकर ही मुझे पता चला कि, संस्कृति इतनी भारी है, मैं 'अदा' जो कल थी आज वो नहीं रही, आप लोगों का धन्यवाद, मुझे सोचने पर मजबूर होना पड़ा और लगा कि मुझसे ये काम ज़बरदस्ती करवाया जा रहा है, ये भी लगा कि मैं क्यूँ करूँ ...आप क्यूँ नहीं, क्या मैंने संस्कृति को आगे ले जाने का ठेका लिया हुआ है, कोई ज़रुरत नहीं है, आपकी प्यारी संस्कृति को आप ही सम्हालिए, और यकीन मानिए, मुझ जैसी और भी बहुत होंगी जो ऐसा ही फैसला कर रही होंगी, आपने सही कहा है, यह विषवमन ही है...लीजिये कर दिया हमने ...कर लीजिये अब आप क्या करेंगे...हाँ नहीं तो...!!